सीकर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आधी रात को भगवान कृष्ण का जन्म हो रहा है। घरों-मंदिरों में मिश्री मावे का भोग लगाया जा रहा है। सुभाष चौक, जाट बाजार और कल्याण धाम में मटकी फोड़कर कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी के अवसर पर लाखों श्रद्धालु विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचे हैं। श्याम भक्तों ने सभी 14 लाइनों में लगकर हाथ में गुलाब लिए बाबा श्याम के दर्शन किए। सीकर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कई जगह धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। प्रमुख रूप से सुभाष चौक स्थित गोपीनाथजी मंदिर, कल्याण धाम और जाट बाजार के आयोजनों में भारी भीड़ है। ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया सीकर शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सीकर ट्रैफिक इंचार्ज CI मनोज भाटीवाड़ ने बताया कि परशुराम पार्क से दूजोद गेट, सुभाष चौक के रास्तों और जाट बाजार से कोतवाली रोड तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने भीड़ और जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है।