सीकर नगर परिषद में कांग्रेस ने पहली जीत हासिल कर ली है। वार्ड नंबर 65 से कांग्रेस की माया देवी निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है। इस वार्ड से कांग्रेस से माया देवी, बीजेपी से चूका देवी और पिंकी पंवार, निर्दलीय सरिता ने नामांकन किया था। पिंकी को बीजेपी ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। चूका देवी का नामांकन खारिज हो गया। वहीं बीजेपी कैंडिडेट पिंकी और निर्दलीय सरिता ने अपना नामांकन वापस ले लिया। जिसके बाद माया देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई है। बता दें कि पिछले चुनाव में सास सुगनी और उससे पहले ननद रेशमा पार्षद रह चुकी है। वहीं इस वार्ड के लोग आज शाम को भाजपा के प्रधान कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा के मुर्दाबाद के नारे लगाए। वार्डवासियों का बीजेपी महामंत्री पर फूटा गुस्सा वार्ड के निवासी दीपक ने बताया कि वार्ड के लोगों ने महिला चूका देवी का भाजपा से नामांकन करवाया था। वार्डवासियों का कहना है कि जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा ने पिंकी पंवार को बीजेपी से टिकट दिलवाई थी। पिंकी ने आज अपना नामांकन वापस ले लिया। ऐसे में कांग्रेस की माया देवी निर्विरोध चुनाव जीत गई। हम लोगों के साथ अन्याय हुआ है। हम पिछले 10 साल से कांग्रेस के पार्षदों का काम देख रहे हैं। हमारी कोई भी सुनवाई नहीं होती है। महामंत्री भंवरलाल वर्मा के कारण हम लोगों से हमारा वोट का अधिकार भी छीन गया है। --- जानिए आपका घर किस वार्ड में आता है