नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने से सीकर में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश की वजह से तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। 9 सितंबर तक सीकर समेत शेखावाटी इलाके में बारिश का दौर चलने की संभावना है। शनिवार को हुई बारिश के बाद सीकर के मौसम में बदलाव नजर आया है। पिछले 24 घंटे में जिले के कई इलाकों में 10 MM तक बरसात हुई। शनिवार को नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, पाटन, अजीतगढ़, रघुनाथगढ़, खंडेला, सांगरवा, रघुनाथगढ़ समेत कई इलाकों में मध्यम और तेज बारिश हुई। तापमान 3 डिग्री गिरा जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और सुबह का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में बीती रात हुई बारिश के बाद आज सुबह न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूर्वी राजस्थान में 9 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके बाद एक हाई एयर प्रेशर सिस्टम बनने से बारिश का दौर कमजोर हो जाएगा। इस बार मानसून से बारिश का औसत कोटा भी पूरा नहीं हुआ है। फिर सितंबर महीने के दूसरे हफ्ते के बाद बारिश हो सकती है।