सिरोही, पिंडवाड़ा और शिवगंज नगर पालिका चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को विभिन्न वार्डों के दावेदारों ने अपने समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक सिरोही में 95, पिंडवाड़ा में 40 और शिवगंज में 51 दावेदारों ने नामांकन पत्र जमा कराए हैं। शनिवार को सिरोही नगर परिषद के 35 वार्डों के पार्षद पद के दावेदार कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। इनमें से कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा करने से पहले कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव के चरणों में अपने दस्तावेज अर्पित किए। मंदिर के सेवक ने फाइलें भगवान के चरणों में रखकर वापस दावेदारों को सौंपी, जिसके बाद उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र पेश किए। जिला मुख्यालय पर कोतवाली और सदर थाना अधिकारी अपने दल के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अन्य एजेंसियों के अधिकारी और कर्मचारी भी आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे। कुछ वार्ड प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के लिए चाय-नाश्ते और भोजन की व्यवस्था भी की थी। सिरोही नगर परिषद के लिए 91 और पिंडवाड़ा नगर पालिका के लिए 35 लोगों ने आवेदन पत्र पेश किए थे। इन नए आवेदनों के साथ, सिरोही नगर परिषद के लिए कुल 95, पिंडवाड़ा नगर पालिका के लिए 40 और शिवगंज नगर पालिका के लिए 51 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं।