सिरोही सदर थाना क्षेत्र के सिंदरथ स्कूल के पास 2 बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को उदयपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सिंदरथ गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस 108 के पायलट हंसाराम देवासी और मेल नर्स कांतिलाल डामोर तुरंत मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस स्टाफ ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने चारों घायलों का इलाज शुरू किया। गंभीर रूप से घायल जावाल निवासी विक्रम पुत्र जोगाराम को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में बलवंतगढ़ निवासी विजय कुमार, दिनेश कुमार पुत्र मुन्नाराम और ललकेश हरबाजी शामिल हैं। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।