श्रीगंगानगर शहर में स्थित एक घर से लाखों रुपए के सोने के जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर में काम करने वाली नौकरानी ने जेवरात चुरा लिए, जिसके बाद से वह काम पर भी नहीं आ रही। मामला श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र का है। 16 तोला ज्वेलरी चोरी पुलिस को दी रिपोर्ट में अभिनव कालड़ा (40) निवासी 80 K ब्लॉक (श्रीगंगानगर) ने बताया- उनके घर से 16 तोला सोने के जेवरात चोरी हो गए। जिनकी कीमत 16 लाख रुपए से ज्यादा थी। आरोप है कि घर में बर्तन और सफाई का काम करने वाली नौकरानी रजनी ने अपने देवर कालीचरण के साथ मिलकर चोरी की। सामान संभाला तो पता चला अभिनव कालड़ा ने बताया- एक हफ्ते पहले घर की सफाई और अलमारी का सामान संभालते समय उन्होंने देखा कि सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं। एक सोने का मंगलसूत्र, सोने का सेट मय टॉप्स जोड़ी, तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने की जेंट्स चेन, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की नोजपिन, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक जोड़ी सोने के झुमके, लगभग 16 तोला वजन के दो सोने के कड़े और एक चांदी की अंगूठी गायब थे। देवर के साथ मिलकर चोरी करने का आरोप कालड़ा का आरोप है कि इन आभूषणों को रजनी ने अपने देवर कालीचरण के साथ मिलकर चोरी किया। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उसके बाद से रजनी काम पर भी नहीं आई। फिलहाल शिकायत के आधार पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई देशराज कर रहे हैं।