श्रीगंगानगर में कृषि अनुसंधान केन्द्र स्थित खुले बंदी शिविर में उम्रकैद की सजा काट रहा एक बंदी फरार हो गया। घटना 4 सितंबर की सुबह की है। बंदी वेदप्रकाश उर्फ वेदिया हाजिरी के दौरान मौजूद नहीं मिला। शिविर परिसर में तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। वेदप्रकाश उर्फ वेदिया श्रीगंगानगर की सुरजीत सिंह कॉलोनी का रहने वाला है। अपर सेशन न्यायाधीश, श्रीकरणपुर ने 20 नवंबर 2010 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। महानिदेशालय कारागार राजस्थान, जयपुर के 25 नवंबर 2024 के आदेश के तहत उसे नरसिंहपुरा बिरानी के खुले बंदी शिविर से 28 नवंबर 2024 को कृषि अनुसंधान केन्द्र स्थित खुले बंदी शिविर में स्थानांतरित किया गया था। शिविर प्रभारी सुचित्रा ने बताया- 4 सितंबर की सुबह बंदियों की हाजिरी ली जा रही थी। वेदप्रकाश गायब पाया गया। अन्य बंदियों की मदद से पूरे परिसर में तलाश की गई, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही। इसके बाद शिविर से फरार होने की रिपोर्ट थाना जवाहरनगर में दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई करणी सिंह कर रहे हैं।