श्रीगंगानगर में जस्सा सिंह मार्ग स्थित ड्रीम वाटिका में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। विवाहिता कमरे में फंदे पर लटकी मिली। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या के आरोप लगाए हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता राजकुमार (55) निवासी दुल्लापुर केरी, हिन्दुमलकोट ने बताया कि 31 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे उसने बेटी पूजा को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद दामाद नवीन को भी फोन किया, लेकिन उसने भी कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद मृतका के देवर रवि कुमार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उससे भी बात नहीं हुई। कुछ देर बाद सूचना मिली कि पूजा ने फांसी लगा ली है। तब वह (राजकुमार) अपनी पत्नी सुनीता रानी, बहू रेनू और भाभी उषा रानी के साथ ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा कि पूजा की लाश बेड पर पड़ी हुई है। ससुराल वालों का कहना था कि उसने खुद फांसी लगा ली, लेकिन पिता का आरोप है कि बेटी को फांसी लगाकर मार दिया गया। इसके बाद पिता ने महिला थाना में मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पति नवीन, सास कलावती, ननद चांदनी और देवर रवि कुमार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, घटना के विरोध में और आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर परिजनों ने श्रीगंगानगर के सरकारी हॉस्पिटल में धरना दिया। शाम को करीब 5:30 बजे पुलिस की परिजनों के साथ सहमति बनी। पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने धरना उठा लिया और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों, मौत के असल कारण और ससुराल पक्ष की भूमिका की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मृतका ने सुसाइड किया है या उसका मर्डर हुआ है। फिलहाल जांच जारी है।