सादुलपुर | राजगढ़ न्याय क्षेत्र में न्यायिक अधिकारियों की ओर से मंगलवार को विभिन्न स्कूलों में अजनबी से सावधान, मना करो, दूर जाओ, बताओ विषय पर कानूनी साक्षरता व जागरूकता कार्यक्रम किया गया। एडीजे प्रथम मुनेशचंद यादव ने निजी स्कूल में विद्यार्थियों को अपहरण, बाल तस्करी, बाल श्रम व जबरन भीख मंगवाने जैसे गंभीर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों व बाल संरक्षण कानूनों के बारे में बताया तथा संबंधित हैल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना रहा। डॉ. कौशल पूनिया ने भी विचार व्यक्त किए। इसी क्रम में एडीजे द्वितीय सागर माथुर ने महात्मा गांधी राजकीय स्कूल तथा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हेमलता धाणदिया व न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने अलग-अलग स्कूलों में कार्यक्रम किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को गंभीर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।