भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुशील जोशी को हनुमानगढ़ जिले के नगर निकाय चुनाव में किसान मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी के मिलने पर जोशी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी सहित प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। जोशी ने कहा कि संगठन द्वारा दी गई यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने बताया कि उन्हें पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष और भाजपा जिला मंत्री सहित विभिन्न पदों पर कार्य करने का अवसर मिला है। वर्तमान में भी वे संगठन में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य किया जाएगा। नगर निकाय चुनाव के दौरान प्रत्येक बूथ तक भाजपा की विचारधारा और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों के साथ-साथ जनता के आशीर्वाद से पार्टी विजय के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। जोशी ने दोहराया कि संगठन सर्वोपरि है और पार्टी की विजय ही कार्यकर्ताओं का मुख्य संकल्प है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में भाजपा को मजबूत करने और नगर निकाय चुनाव में विजय सुनिश्चित करने के लिए वे पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।