तमिलनाडु के इरोड जिले में सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए बनाए गए खाने में गोबर का पाउडर मिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अरुमुगम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसने अपनी पत्नी की नौकरी जाने का बदला लेने के लिए यह साजिश रची। छात्र से जबरन सांभर में मिलवाया पाउडर पुलिस के मुताबिक, अरुमुगम की पत्नी स्कूल में खाना बनाने का काम करती थी, लेकिन नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद उसने कथित तौर पर एक छात्र पर दबाव बनाकर सरकारी स्कूल की मुफ्त नाश्ता योजना के तहत तैयार सांभर में गोबर का पाउडर मिलवाया। घटना 29 अगस्त की है, जबकि स्कूल की ओर से पुलिस में शिकायत 1 सितंबर को दर्ज कराई गई। पुलिस ने अरुमुगम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123 के तहत केस दर्ज किया है। यह धारा जहर आदि के जरिए नुकसान पहुंचाने और अपराध करने की नीयत से जुड़ी है। शिक्षकों ने चखा तो सांभर का स्वाद कड़वा लगा पुलिस के मुताबिक, छात्रों को खाना परोसने से पहले शिक्षकों ने खाने का नमूना चखा। सांभर का स्वाद सामान्य से काफी कड़वा लगा। शुरुआत में शिक्षकों को लगा कि शायद सांभर में गलती से ज्यादा हल्दी पड़ गई है। जांच में पता चला कि गोबर का पाउडर सिर्फ शिक्षकों के लिए रखे गए नमूने में मिलाया गया था। बच्चों को परोसे जाने वाले खाने में यह पाउडर नहीं मिला था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।