टिहरी में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास एक वैगनआर कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में एक व्यक्ति बैठा था, जो वाहन के साथ खाई में गिरने के बाद से लापता है। उसकी तलाश में पुलिस और SDRF की टीमें सुबह से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जानकारी के मुताबिक, RJ06CB-1949 नंबर की कार में चार लोग केदारनाथ से राजस्थान लौट रहे थे। तोता घाटी के पास तीन लोग शौच के लिए कार से उतर गए, जबकि एक व्यक्ति गाड़ी में ही बैठा रहा। ढलान के कारण अचानक कार नीचे खाई में नदी की तरफ जा गिरी। सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। टीमों ने देर रात तक खाई और नदी की ओर जाने वाले हिस्से में तलाश की, लेकिन भारी बारिश, घने कोहरे और दुर्गम इलाके के कारण अभियान रोकना पड़ा। सुबह मौसम खराब होने के बावजूद पुलिस और SDRF ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। टीमें खाई, नदी की तरफ जाने वाले रास्तों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में वाहन और लापता व्यक्ति की तलाश कर रही हैं। लापता व्यक्ति की पहचान देवी लाल (46) के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, देवी लाल ही कार के मालिक थे और हादसे के समय वाहन में मौजूद थे।