भास्कर न्यूज| बारां जिलेभर में शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं और विशेष साज-सज्जा की गई। भजन-कीर्तन के बीच रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर के प्राचीन प्यारेरामजी मंदिर पर सालों पुरानी परंपरा के तहत रात 12 बजे ऐतिहासिक चलाकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आगाज हुआ। इसके बाद मंदिरों पर विधिवत पूजा अर्चना, अभिषेक, महाआरती हुई। शहर के आराध्य श्री कल्याणरायजी (श्रीजी) मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन हुआ। मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया। इस रात्रि में ठाकुरजी का दूध, दही, घी, शक्कर और शहद से निर्मित महापंचामृत से अभिषेक किया गया। साथ ही जन्मोत्सव से पूर्व विद्वान पंडितों द्वारा कथा भी सुनाई गई। इस दौरान मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मध्यरात्रि में जन्म के समय महाआरती हुई। साथ ही नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। वहीं, शनिवार को शहर के मंदिरों में नंदोत्सव मनाया गया। इस दौरान श्रीजी, प्यारेरामजी, नृसिंह मंदिर और मनिहारा महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सजाई गई भगवान श्रीकृष्ण की विशेष झांकियां देखने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।