भास्कर न्यूज | झालावाड़ कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर दो वार्डों से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की कोशिश कर रहे राहुल गोयल का दांव उलटा पड़ गया। उन्होंने वार्ड 36 और 37 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। नियमानुसार उन्हें गुरुवार को इनमें से किसी एक वार्ड से नाम वापस लेना था, लेकिन नाम वापसी नहीं होने पर दोनों वार्डों से उनके नामांकन निरस्त हो गए। राहुल गोयल एनएसयूआई और युवा कांग्रेस में पदाधिकारी रह चुके हैं। कांग्रेस में सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इस बार उन्होंने पार्टी से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर दोनों वार्डों से निर्दलीय पर्चा भर दिया। नाम वापसी के नियम की जानकारी नहीं होने के कारण उन्होंने किसी एक वार्ड से नाम वापस नहीं लिया। इसका नतीजा यह हुआ कि दोनों ही वार्डों में उनकी उम्मीदवारी खत्म हो गई।