भास्कर न्यूज |बासनी/गागेलाव नगर पालिका चुनाव के लिए 9 सितंबर को मतदान होना है। चुनावी माहौल में पार्षद पद के उम्मीदवार घर-घर पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं और विकास के कई वादे किए जा रहे हैं, इनमें सबसे बड़ा मुद्दा सीवरेज और पानी की निकासी की व्यवस्था का है। बासनी से नागौर रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर सीवरेज लाइन की व्यवस्था नहीं होने के कारण कच्चे नाले के भरोसे पानी की निकासी हो रही है। सिंगड़ रोड की स्थिति भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। यहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सड़क पर फैलने के साथ आसपास के घरों तक पहुंचने की स्थिति पैदा हो रही है। मक्का मस्जिद से आगे तक सीवरेज व्यवस्था का सवाल इन्दास रोड पर दारुल उलूम के पास मक्का मस्जिद से होते हुए आगे जाने वाले रास्ते पर भी व्यवस्थित सीवरेज सिस्टम नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सड़क पर पानी जमा रहता है। जनप्रतिनिधियों के सामने उठता रहा सवाल लोगों का सवाल है कि बासनी में समय-समय पर जनप्रतिनिधि बदलते रहे, लेकिन सीवरेज और ड्रेनेज जैसी बुनियादी समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया? चुनाव के दौरान विकास की बातें होना स्वाभाविक है, लेकिन इस बार जनता के सामने एक सवाल है - “जब सड़क पर पानी और गंदगी की समस्या वर्षों से है, तो इसका समाधान कब होगा? 9 सितंबर को होने वाला मतदान सिर्फ पार्षद चुनने का अवसर नहीं, बल्कि स्थानीय समस्याओं पर अपनी आवाज बुलंद करने का भी मौका है। बासनी के लोगों की मांग है कि पूरे शहर का सीवरेज एवं ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार किया जाए, मुख्य मार्गों और बस्तियों में आवश्यक सीवरेज लाइन बिछाई जाए, पुराने कच्चे नालों को व्यवस्थित किया जाए।