उदयपुर शहर में आज शाम आपसी रंजिश में एक युवक को गोली मार दी। बाइक सवार युवक ने दो फायर किए, जिसमें से एक गोली युवक के हाथ में जाकर लगी। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग डर गए। वहीं बदमाश भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना हाथीपोल थाना क्षेत्र में सहेली मार्ग स्थित होटल हेरिटेज के सामने की है। डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि इरफान पुत्र अशरफ खान निवासी कत्लेशाह मस्जिद के हाथ में गोली लगी है। फायरिंग करने वाला आरोपी शादाब उर्फ अली है। घायल को तुरंत एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम अलग-अलग दबिश दे रही है। आरोपी ने दो फायर किए, हाथ में लगी गोली डीएसपी ने बताया कि घायल सहेली मार्ग स्थित होटल हेरिटेज के सामने किसी काम से गया था। तभी बाइक सवार आरोपी शादाब अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और दो फायर कर दिए। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद किया। वहीं आस-पास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है। बदला लेने के लिए की फायरिंग फायरिंग की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार-पिछले दिनों दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए शादाब ने इरफान पर फायरिंग कर दी। इरफान का मछली का ठेका है और विवाद भी इसी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच में जुटी है और स्पष्ट कारणों का पता लगा रही है।