उदयपुर में स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। शहर में रोजाना 2 से 3 नए संक्रमित सामने आ रहे हैं। हालात को देखते हुए महाराणा भूपाल (एमबी) राजकीय अस्पताल और आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। अस्पताल के संक्रामक रोग वार्ड में 10 आइसोलेशन बेड रिजर्व किए गए हैं, जहां वर्तमान में 3 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें सामान्य वार्ड में शिफ्ट करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। नए आउटडोर में सुबह 8 से 3 बजे तक मुफ्त जांच एमबी अस्पताल के नए आउटडोर परिसर में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए अलग से स्पेशल कॉर्नर बनाया गया है। रोजाना सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। सरकारी अस्पताल में यह जांच पूरी तरह से निःशुल्क की जा रही है।निजी अस्पतालों में पहुंचने वाले संदिग्ध मरीजों को भी सैंपल और जांच के लिए एमबी अस्पताल ही रेफर किया जा रहा है। अगस्त में बढ़े केस, 28 अगस्त को दोनों सैंपल पॉजिटिव अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से स्वाइन फ्लू की सैंपलिंग और जांच का दबाव काफी बढ़ गया है। बीते 27 अगस्त को लिए गए 11 सैंपलों में 2 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद 28 अगस्त को जांचे गए दोनों सैंपल पॉजिटिव निकले, जबकि 29 अगस्त को 16 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले रक्षाबंधन के पर्व पर भी दो मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अगस्त में 55 संक्रमित राजस्थान में जनवरी से अगस्त तक स्वाइन फ्लू के कुल 146 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से अकेले अगस्त महीने में ही 55 मरीज पॉजिटिव मिले हैं, जिसके बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों के सीएमएचओ को सघन निगरानी के निर्देश दिए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ओपीडी में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश वाले मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग शुरू की है। स्वास्थ्य विभाग ने हाई रिस्क इलाकों में विशेष टीमें तैनात करने के साथ ही आमजन को भीड़भाड़ में मास्क पहनने की सलाह दी है।