उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में रविवार को हिस्ट्रीशीटर पर हुई फायरिंग के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल हिस्ट्रीशीटर फरदीन के छोटे भाई अरदीन सहित 4 जनों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है। सवीना थाने के सीसीटीवी फुटेज में दोनों पक्षों की कारें स्पीड में एक-दूसरे के करीब से जाते दिख रही हैं। पुलिस का कहना है कि जहां ये कारें रात 3 बजे एक-दूसरे के करीब से गुजरते हुए दिखीं हैं। संभवत बरकत कॉलोनी कट पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। आपसी रंजिश से किया हमला, जांच में जुटी पुलिस थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि आपसी रंजिश के तहत यह हमला हुआ। बरकत कॉलोनी निवासी हिस्ट्रीशीटर अरदीन उर्फ लाला शनिवार रात बलीचा स्थित एक होटल में साथी दीपक पटेल का जन्मदिन मना रहा था। तड़के करीब 2:30 रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा गिरोह के उस्मान गनी और मोहसिन काड़ा समेत 5-7 बदमाशों ने अरदीन पर तलवारों से हमला कर दिया। अरदीन पक्ष के जवाबी पथराव के बाद हमलावर भाग निकले। घटना का पता लगते ही अरदीन का भाई हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा बदमाशों का पीछा करता हुआ सवीना स्थित बरकत कॉलोनी जा पहुंचा। वहां मौजूद गोगा और उस्मान ने फरदीन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कंधे में दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया गया था। इधर, भाई को गोली लगने का पता लगते ही अरदीन ने सवीना में उस्मान के मामा इरशाद के घर पर जमकर तोड़तोड़ की। जिसके बाद अरदीन को हिरासत में लिया गया।