‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ का राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। देशभर के 15 से 29 साल के युवाओं को इसमें अपने आइडिया, इनोवेशन और देश के विकास से जुड़े विचार राष्ट्रीय स्तर पर रखने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ भी होगी, जिसमें करीब 3000 युवा हिस्सा लेंगे। इसमें 10वीं पास स्टूडेंट्स भी हिस्सा ले सकते हैं। राजस्थान से अब तक 50 हजार से ज्यादा युवाओं ने माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। माय भारत राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास ने मंगलवार को आयोजित राज्यस्तरीय प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया- प्रदेश के सभी जिलों में जिला युवा अधिकारी और माय भारत स्वयंसेवक स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में जाकर युवाओं को अभियान से जोड़ रहे हैं। पहले डिजिटल क्विज से होगी शुरुआत कार्यक्रम में चयन की शुरुआत डिजिटल क्विज से होगी। यह क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर तक माय भारत पोर्टल पर आयोजित की जा रही है। इसमें टॉप 10 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले चरण यानी निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। अधिकतम 4 लाख प्रतिभागी इस चरण में पहुंच सकेंगे। निबंध प्रतियोगिता 5 से 19 अक्टूबर तक होगी। इसमें युवाओं को तय विषयों पर 500 शब्दों का निबंध लिखकर ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके बाद प्रत्येक जिले से टॉप 50 प्रतिभागियों का चयन कर जिला स्तर पर PPT प्रेजेंटेशन कराया जाएगा। हर जिले से 2 युवा पहुंचेंगे राज्य स्तर पर जिला स्तर का PPT राउंड 10 से 16 नवंबर तक होगा। इसमें प्रत्येक जिले से टॉप 2 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के कार्यक्रम के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं की टीम तैयार होगी, जो राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी। राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। यहां चयनित युवा नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों के सामने अपने विचार रख सकेंगे। यूथ पार्लियामेंट में 3000 युवा कार्यक्रम में ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ में करीब 3000 युवा शामिल होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नीति और देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और अपने विचार रखने का अवसर देना है। युवाओं के लिए विकसित भारत चैलेंज के अलावा सांस्कृतिक और अन्य ट्रैक भी रखे गए हैं। इनमें समूह लोक गीत, समूह लोक नृत्य, चित्रकला, भाषण और काव्य पाठ शामिल हैं। इसके अलावा डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज और यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज के जरिए युवा अपने इनोवेशन, तकनीकी आइडिया और स्टार्टअप मॉडल भी पेश कर सकेंगे। ऐसे करें रजिस्ट्रेशन 15 से 29 साल की उम्र के युवा mybharat.gov.in पर जाकर ‘Register Now’ विकल्प से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। मोबाइल या ईमेल पर आए OTP के जरिए वेरिफिकेशन के बाद सामान्य जानकारी भरकर आवेदन किया जा सकता है। पहले से रजिस्टर्ड युवा सीधे लॉगिन करके डिजिटल क्विज में शामिल हो सकते हैं।