रेल मंत्रालय ने उदयपुर से असरवा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब सूरत तक करने के आदेश जारी किए हैं। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी 6 दिनों में उदयपुर से सूरत तक संचालित होगी। इस विस्तार से मेवाड़ के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि मेवाड़ के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। उदयपुर से सूरत तक वंदे भारत के संचालन से व्यापार, रोजगार और आवागमन के क्षेत्र में मेवाड़ को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। रेल मंत्री से मुलाकात के बाद मिली सफलता बता दें, उदयपुर-असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस का सूरत तक विस्तार करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। सांसद डॉ. रावत ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ की आवश्यकता और यात्रियों की परेशानियों से अवगत कराया था। इसके बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन के विस्तार के आदेश जारी किए हैं। साथ ही नई समय-सारणी भी जारी कर दी गई है। दक्षिण भारत की ट्रेनों से जुड़ाव होगा आसान वंदे भारत के सूरत तक विस्तार का सबसे बड़ा लाभ मेवाड़ के उन हजारों लोगों को मिलेगा, जो व्यापार और रोजगार के सिलसिले में सूरत के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में रहते हैं। वर्तमान में उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों से सूरत पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों को बस से सफर करना पड़ता है। बसों की समय-सारणी और ट्रेनों के समय में सामंजस्य नहीं होने और रेलों में प्रतीक्षा सूची के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है। अब उदयपुर से सीधे वंदे भारत के जरिए सूरत पहुंचना आसान होगा। उदयपुर से सूरत तक वंदे भारत का विस्तार महत्वपूर्ण कदम सांसद डॉ. रावत ने कहा कि मेवाड़ को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उदयपुर से सूरत तक वंदे भारत का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।