भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं रक्षाबंधन के मौके पर राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाओं और बालिकाओं के लिए दो दिन निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू होने से शुक्रवार को बसों में भीड़ रही। बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से कई रूटों पर बसों में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक यात्री नजर आए। जयपुर रूट पर भीड़ को देखते हुए रोडवेज को अतिरिक्त बस चलानी पड़ी। रोडवेज की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को महिलाओं एवं बालिकाओं को राजस्थान की सीमा में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके तहत शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने निशुल्क यात्रा का लाभ उठाया। झुंझुनूं डिपो चीफ मैनेजर गिरीराज स्वामी ने बताया कि यात्री भार बढ़ने से जयपुर रूट पर एक्सट्रा बस भेजी गई। महिलाओं के लिए शनिवार को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा जारी रहेगी। निशुल्क यात्रा के लिए महिलाओं व बालिकाओं को टिकट जारी किया। सुविधा राजस्थान राज्य की सीमा तक ही मान्य रहेगी।