कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक ने करीब 4-5 महीने पहले ही लव मैरिज की थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ झालावाड़ के खानपुर गांव से कोटा आकर किराए के मकान में रह रहा था। शनिवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद शाम को युवक ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर अनंतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आई। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। मृतक के पिता राम कल्याण मेघवाल ने बताया कि उनका इकलौता बेटा रोहित कोटा के अनंतपुरा इलाके में किराए के मकान में रहता था। करीब चार-पांच महीने पहले ही उसने अपनी इच्छा से शादी की थी। शनिवार को पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी मिली थी। विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। इसके बाद रोहित ने यह कदम उठा लिया। ASI ज्ञान सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग दर्ज कर ली गई है। पत्नी से पूछताछ की जाएगी और विवाद के कारणों सहित पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।