सिरोही | ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे के तहत सिरोही के 7 स्कूलों में विधिक साक्षरता और संवेदनशीलता कार्यक्रम हुआ। 1500 विद्यार्थियों को अधिकारों के लिए आवाज उठाने की सीख दी। सजग रहने की बात कही। स्कूलों में सुरक्षा और शिक्षा के अधिकार की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष अजय शर्मा के निर्देशन में जिला विधिक प्राधिकरण ने जागरूकता अभियान कराया। अक्टूबर की तय थीम अधिकारों के लिए आवाज़ उठाएं, सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहे के तहत स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों को विशेष विधिक जागरूकता बताई। शिविरों में शिक्षा का अधिकार आरटीई एक्ट 2009, सुरक्षित विद्यालय अवसंरचना, विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका, असुरक्षित भवनों से जुड़े जोखिम, आपातकालीन सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सावित्री आनंद निर्भीक ने एनएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरोही और राउमावि भाटकड़ा के विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि परिसर में भवन, दीवार, छत, सीढ़ियों या शौचालय में असुरक्षित स्थिति या दरार दिखे तो तुरंत प्रधानाचार्य और शिक्षकों को बताएं। शिविरों में संकट के समय मदद के लिए आपातकालीन नंबर बताए गए।