ईरान युद्ध के चलते देश में एलपीजी का संकट गहराया है। इसी को देखते हुए केंद्र सरकार ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन बढ़ाने पर जोर दिया है। इसी क्रम में उदयपुर शहर में भी पीएनजी कनेक्शन जल्द से जल्द जारी किए जा रहे हैं। शहर में एक माह पहले जहां 1800 घरेलू कनेक्शन थे, अब बढ़कर 4 हजार हो गए हैं। कमर्शियल लाइसेंस भी 13 को जारी हो चुके हैं। पीएनजी प्रोजेक्ट की शुरुआती सुस्ती ने आज पूरे शहर में परेशानी खड़ी कर दी है। रिकॉर्ड बताते हैं कि उदयपुर के लिए इस प्रोजेक्ट का आवंटन अगस्त 2018 में हुआ था। कायदे से अब तक शहर का बड़ा हिस्सा पीएनजी नेटवर्क से जुड़ जाना चाहिए था, लेकिन हकीकत यह है कि 8 साल बीतने के बाद भी अब तक महज 4000 घरेलू कनेक्शन ही सक्रिय हो पाए हैं। इनमें अधिकांश पिछले एक माह में हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि शुरुआत से ही बुनियादी ढांचे में तेजी दिखाई जाती, तो आज प्रशासन को कंपनी पर प्रेशर बनाने की नौबत नहीं आती। पहले रोज 10-15 कनेक्शन, अब 50-60 दे रहे शहर में गत माह तक रोज 10 से 15 कनेक्शन हो रहे थे, अब 50 से 60 हो रहे हैं। वहीं, रोजाना 100 नए घरों को पाइप लाइन से जोड़ रहे हैं। शहर में पाइप से करीब 6 हजार घरों को जोड़ा जा चुका है। इसमें 1200 ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्होंने घरों को पाइप से जोड़ तो लिया है, लेकिन कनेक्शन चालू नहीं करवा रहे, क्योंकि वे एलपीजी छोड़ना नहीं चाहते। कंपनी अब अप्लाई करने के 5 से 10 दिनों में सप्लाई शुरू कर रही है। ग्राहकों को दे रहे ऑफर - अदाणी टोटल गैस लिमिटेड ने नए ग्राहकों को आकर्षक ऑफर्स दिए हैं। नए कनेक्शन पर 500 रुपए की मुफ्त गैस दी जा रही है। कुल 6300 रुपए के खर्च में 6 हजार रुपए रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि होती है, जिसे 30 माह की किस्तों में चुकाया जा सकता है। बिल हर दो माह में आता है। ग्राहकों की सहूलियत के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट पर जीरो-इंटरेस्ट ईएमआई की सुविधा भी दी जा रही है। अदाणी गैस के डीजीएम दिलीप अग्रवाल का कहना है कि अगले तीन माह में 10,000 कनेक्शन देने का टारगेट है। “जिन एरिया में लाइन बिछ गई है, वहां स्थित सरकारी आवासीय भवनों और हॉस्टल में अब पीएनजी से ही सप्लाई होगी। इसके लिए सरकार ने आदेश जारी कर दिए हैं।” - मनीष भटनागर, जिला रसद अधिकारी