अलवर| जिले में 128 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल हैं। इन स्कूलों में 1920 शिक्षकों में केवल 855 ही अंग्रेजी माध्यम के हैं। शेष 1065 शिक्षक हिंदी पृष्ठभूमि के हैं। ऐसे में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाने का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। सरकार ने प्रदेशभर में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल तो खोल दिए, लेकिन अंग्रेजी माध्यम शिक्षकों का कैडर गठित नहीं किया। हिन्दी माध्यम स्कूलों के शिक्षकों को ही लिखित परीक्षा के माध्यम से महात्मा गांधी स्कूलों में लगाया दिया। नतीजन अभिभावकों व बच्चों का स्कूलों के प्रति कम रुझान है। सत्र 2026-27 शुरू होने के 21 दिन बाद भी 52 फीसदी सीटें खाली है। जिले के महात्मा गांधी स्कूलों में 45690 सीटों में से 24042 सीटें खाली है। केवल 21648 सीटों पर नामांकन हुआ है। जिले में 128 में से केवल 46 स्कूलों में ही बाल वाटिकाएं संचालित हैं। बाल वाटिकाओं में ही प्री-प्राइमरी कक्षा नर्सरी, एलकेजी व यूकेजी है। प्रत्येक कक्षा में 75 सीटें है। जिले में प्री प्राइमरी की कुल 3450 सीटें है। इसके अलावा प्रत्येक स्कूल में पहली से पांचवीं तक प्रत्येक कक्षा में 30 सीटें व छठीं से आठवीं तक प्रत्येक कक्षा में 35 सीटें है। जिले की 128 स्कूलों में कुल 32640 सीटें है।