धौलपुर के पुराना शहर टाउन चौकी में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक हुई। यह बैठक चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह और कालिका यूनिट के तत्वावधान में हुई, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सीएलजी सदस्यों ने अपने-अपने इलाकों की समस्याओं से चौकी प्रभारी को अवगत कराया। चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अपराधों की रोकथाम के लिए लोगों से सहयोग की अपील इस दौरान नशा मुक्ति, बाल अपराध, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने इन अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन और सीएलजी सदस्यों से सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद कालिका यूनिट की टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। सदस्यों को जरूरत पड़ने पर इन नंबरों का उपयोग करने के लिए जागरूक भी किया गया। सीएलजी सदस्य योगेश शर्मा ने सुझाव दिया कि कालिका यूनिट की टीम शहर के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नियमित रूप से जाकर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और बाल अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक करे। उपस्थित अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण सुझाव का स्वागत किया।