बांसवाड़ा| जिले में बढ़ती गर्मी, तेज धूप ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। हालात यह है कि लू तापघात और इससे संबंधित बीमारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए एमजी अस्पताल में तापघात वार्ड अलग से शुरू किया गया है। पीएमओ डॉ. राजीव गौतम ने बताया कि अस्पताल में 25 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है, जहां कूलर, पंखे, ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। लू से पीड़ित किसी भी मरीज को इसी वार्ड में तुरंत भर्ती कर इलाज दिया जाएगा। अस्पताल में इन दिनों आउटडोर में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।