भास्कर न्यूज | टोंक जिले में इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को भी दिनभर मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिले, जहां सुबह और दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर रहा, वहीं शाम को हवा चलने और हल्की बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक महसूस की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शाम को मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आई और यह लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हवा की गति बढ़ने के कारण वातावरण में नमी आई, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली। दिन के समय आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से तापमान में तेजी देखी गई। हालांकि लू जैसी गंभीर स्थिति फिलहाल नहीं बनी, लेकिन धूप की तीव्रता के कारण दोपहर में गर्मी का असर अधिक महसूस किया गया। मौसम विभाग टोंक के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को भी जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिन के समय हल्की हवा चल सकती है और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है।