अलवर| गर्मी की दस्तक के साथ सूरज आग बरसाने लगा है और पारा उबलने लगा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों पर भी दिखाई दे रहा है। अलवर बफर रेंज में बारां-लिवारी सफारी ट्रैक पर एक वाटर हॉल के पास बाघिन एसटी-19 अपने चार शावकों के साथ देर तक डेरा डाले रही। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए यह पूरा परिवार पानी के पास ही रहा। अलवर निवासी पर्यटक लव जैन ने इस दुर्लभ और आकर्षक दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया। चारों शावक अपनी मां के साथ पहले भी इस ट्रैक पर कई बार दिखाई दे चुके हैं। पहली बार ये शावक 1 जून 2025 को नजर आए थे, उस समय उनकी उम्र करीब दो माह थी। बाघिन एसटी-19 अपने चारों शावकों के साथ बफर रेंज में बारां-लिवारी सफारी ट्रैक पर वॉटर हॉल पर नजर आई।