भास्कर न्यूज | करणपुर मंडरायल क्षेत्र में रविवार देर शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सहित तीन अन्य घायल हो गए। हादसा मंडरायल के पाचौली मोड़ के पास हुआ, जहां मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जानकारी के अनुसार करणपुर थानाक्षेत्र के करीलपुरा निवासी नारायण मीणा अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंडरायल के डाबर डगर गांव जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ उनके दो पुत्र अभी (4 वर्ष) और लब्बू और पत्नी प्रियंका सवार थे। रास्ते में पाचौली मोड़ के पास अचानक बाइक फिसल गई, जिससे सभी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 4 वर्षीय अभी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी प्रियंका और एक अन्य बच्चे लब्बू को घायल अवस्था में करौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद करणपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।