प्रदेश में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 1 से 20 अक्टूबर तक 2 लाख 40 हजार 534 पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। इस दौरान नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के कुल 7 लाख 78 हजार 147 आवेदन मिले। इनमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के 4 लाख 30 हजार 701 आवेदन शामिल हैं। 1.39 लाख युवाओं के नाम जुड़े अभियान में पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 58% आवेदनों का निस्तारण करते हुए 1 लाख 39 हजार 972 नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। वहीं, 20 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग के 54% आवेदनों का निस्तारण कर 1 लाख 562 मतदाता जोड़े गए। शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है। दोनों आयु वर्गों में प्राप्त कुल आवेदनों में से 3 लाख 52 हजार 778 के संबंध में सात दिन की आपत्ति अवधि पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। जयपुर में सबसे ज्यादा आवेदन आए 20 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग में आवेदन संख्या के आधार पर जयपुर, अलवर, चूरू, करौली और जोधपुर अग्रणी जिले रहे। युवा मतदाताओं के पंजीकरण में बूंदी, भरतपुर, धौलपुर, करौली और अलवर ने बेहतर प्रदर्शन किया। विधानसभा क्षेत्रों में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकरण की उपलब्धि के आधार पर बसेड़ी, गुड़ामालानी, कठूमर, अलवर ग्रामीण और नदबई अग्रणी रहे। वहीं, 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, सुजानगढ़ और बानसूर में सबसे ज्यादा आवेदन मिले। 8 विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति कमजोर अभियान की समीक्षा में लगातार न्यूनतम प्रगति वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों को सुधार के लिए चेतावनी दी गई है। इनमें नोखा, रामगंजमंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद और चौहटन शामिल हैं। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को युवा और नवमतदाताओं के पंजीकरण में तेजी लाने, प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in या ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभियान में सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। -नवीन महाजन, मुख्य निर्वाचन अधिकारी