उदयपुर जिले में दोस्त को वोट न देने पर बेटे ने मां की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए पिता और बड़े भाई पर भी हमला कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। बड़ा भाई निजी वाहन से घायल माता-पिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने मां को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पिता का उपचार जारी है। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव की शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे की है। जानकारी अनुसार, महुवाड़ा गांव निवासी पुष्पा, पति लालचंद, बड़ा बेटा गणेश और बहू घर में सो रही थी। देर रात करीब 3 बजे छोटा बेटा राहुल परमार घर पहुंचा। चुनाव में उसके दोस्त को वोट नहीं देने की बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया। बहस के बीच बात मारपीट तक पहुंच गई। राहुल ने मां पुष्पा के लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया। पूरे परिवार पर हमला किया मां को बचाने के लिए पिता लालचंद बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने लोहे की रोड से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। इस दौरान बड़े भाई गणेश परमार और उसकी पत्नी ने भी बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन राहुल ने उन पर भी हमला कर दिया। फिर मौके से फरार हो गया। इसके बाद गणेश ने निजी वाहन से घायल माता-पिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। रास्ते में गंभीर घायल पुष्पा ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल लालचंद का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।