भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशानुसार प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा के लिए समुचित तैयारियां सुनिश्चित करें। सुव्यवस्थित परीक्षा आयोजन के साथ नकल एवं अवांछनीय गतिविधियों की रोकथाम के लिए समुचित इंतजाम किए जाए। एडीएम राजेन्द्रसिंह चांदावत ने बुधवार को भगवान महावीर टाउनहॉल में समन्वयक, सतर्कता दल, पर्यवेक्षक, केंद्र अधीक्षक, सहायक केंद्र अधीक्षक एवं अभिजागरों को निर्देशित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि बाड़मेर जिला मुख्यालय पर 9 मई को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक एक पारी में प्रयोगशाला सहायक भूगोल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित होगी। जबकि 10 मई को प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक विज्ञान संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन प्रथम पेपर के लिए सुबह 10 से दोपहर 12 बजे एवं द्वितीय पेपर के लिए दोपहर 3 से सांय 5 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि बाड़मेर जिला मुख्यालय पर 18 परीक्षा केन्द्रों में 5016 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने परीक्षा आयोजन से जुड़े विविध पहलूओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में परीक्षा संचालन के नियम, ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की पहचान, सतर्कता उपाय, नकल रोकथाम, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध तथा आपात स्थिति प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान सेड़वा उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम, संस्थापन अधिकारी हस्तीमल राठौड़ एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।