जयपुर में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। युवक एमपी का रहने वाला था। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार युवक हाथों में लाठियां लेकर जाते नजर आए है। इसके बाद पीछे से युवक के सिर पर लाठी मारी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या लूट के इरादे से की गई थी। युवक से पहले उसके साथियों पर भी हमला किया गया था। घटना मानसरोवर थाना इलाके में मंगलवार शाम की है। मानसरोवर थाना सीओ हेमेंद्र ने बताया कि एमपी (श्योपुर) के रहने वाले युवक बलवीर की हत्या हुई है। हत्या का कारण सामने नहीं आया है। युवक का भाई रामवीर नंदपुरी, सोडाला में रहता है। उसने मामला दर्ज करवाया है। घटना से जुड़ी 2 PHOTOS चार युवकों ने लाठियों से मारा, वीडियो आया सामने मृतक युवक एक साल से जयपुर में शांति नगर,गुर्जर की थड़ी पर किराए का कमरा लेकर रह रहा था और मार्बल-टाइल्स का काम करता था। मंगलवार शाम को गुर्जर की थड़ी के शांति नगर इलाके में सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से चार युवक हाथ में लाठियां लेकर रेलिंग से कूदते हुए युवक के पास गए। पीछे से उसके सिर पर डंडों से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भीड़ इक्ट्ठा हो गई। वहीं हमलावर भाग गए। राहगीरों ने घायल को पहले जयपुरिया हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। हालत गंभीर होने पर जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया। मंगलवार रात 11:30 बजे मौत हो गई। युवक की पत्नी और 3 बच्चे श्योपुर में ही रहते है। युवक के साथी बोले- लूट के लिए की हत्या युवक के साथी मध्य प्रदेश निवासी मजदूर झार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पहले केशव नाम के मजदूर से मारपीट की थी। देखते ही देखते 5 से 6 लोग हाथ में डंडे सरिया लेकर पहुंचे थे। केशव से मारपीट करने के बाद में बालवीर और अन्य लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने करीब 5 लोगों के साथ मारपीट की, जिसके बाद एक आरोपी को राहगीरों सहित वहां मौजूद मजदूरों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। भीम आर्मी से जुड़े जितेंद्र हटवाल ने बताया कि मजदूरों की सूचना पर हम मौके पर पहुंचे थे। मजदूरों ने हमें बताया कि आरोपियों ने लूट के इरादे से हमला किया था। फिर हम थाने पहुंचे।