ब्यावर| खन्ना कॉलोनी में मंगलवार को अज्ञात चोरों ने दिन दहाड़े एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मंगलवार दोपहर अज्ञात चोर मकान के दूसरे माले पर बने दो कमरों के ताले तोड़कर करीब 52 हजार रुपए की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। जानकारी के अनुसार मुकेश साहू तथा राहुल महावर खन्ना कालोनी स्थित रमा के मकान में बतौर किरायेदार रहते हैं। मकान मालिक कुछ दिनों से बाहर गई हुई है। मंगलवार को राहुल तथा उसकी पत्नी पूजा रोजाना की तरह घर से काम पर जाने के लिए सुबह निकले। दूसरे तल पर ही पास के कमरे में रहने वाले मुकेश साहू व उसकी पत्नी भी सुबह 11 बजे अपने कार्य के चलते कमरे के ताले लगाकर बाहर चले गए। दोपहर तीन बजे जब पूजा जब खाना खाने घर पहुंची तो दोनों कमरों के ताले टूटे हुए थे। पूजा ने शोर मचा कर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक तोड़ कर चोरों ने नकदी, सोने की चेन, चांदी की अंगूठी व ब्रासलेट चुरा लिया। पास ही के कमरे में रहने वाले मुकेश साहू के कमरे मे रखी अलमारी से दो हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। चोरी की वारदात की सूचना पीड़िता ने सिटी थाना पुलिस को दी। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने मौका-मुआयना करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।