सीकर में तनिष्क ज्वैलरी शोरूम को लूटने आए बदमाशों से कर्मचारी और गार्ड भिड़ गए। बाइकों और कार से आए बदमाश सीधे शोरूम में घुस गए और वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों पर गन तान दी। लेकिन बिना डरे सबसे पहले गार्ड उनसे गन छीनने लगा। कर्मचारी भी बदमाशों का सामना करने लगे। इसी बीच शोरूम का सायरन बजने पर आरोपी हवाई फायरिंग करके मौके से कल्याण सर्किल की तरफ फरार हो गए। यह पूरा मामला कोतवाली थाना इलाके में पुलिस कंट्रोल रूम के ठीक सामने का है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस और RAC की टीम सहित कई अधिकारी पहुंचे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश गन ताने नजर आ रहे हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTOS… खरीदारी का नाटक करने लगा आरोपी शोरूम के गार्ड मोहम्मद सदीक ने बताया- सबसे पहले शोरूम के बाहर एक बाइक आई। बाइक सवार ने शोरूम के बाहर एक-दो चक्कर लगाए और फिर अपने साथियों को फोन किया। इसके बाद वह शोरूम के अंदर आया, मुझे नमस्कार किया और टेबल पर बैठकर खरीदारी करने का नाटक करने लगा। मोहम्मद ने आगे बताया- कुछ ही देर बाद 6 से 7 लोग और आ गए। वे सभी भी मुझसे नमस्कार करके शोरूम के अंदर चले गए। अंदर जाते ही आरोपियों ने गन तान ली और ग्राहकों के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद मैंने और शोरूम के कर्मचारियों ने मिलकर उनका डटकर सामना किया। इसी बीच शोरूम का सायरन बज गया, जिससे घबराकर आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। आरोपी 2 से 3 बाइक और एक काले रंग की गाड़ी (फोर व्हीलर) लेकर आए थे। आरोपियों ने अपने चेहरे भी नहीं छिपा रखे थे और उन सभी की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच थी। बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस सीकर एसपी प्रवीण नायक का कहा- आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में 'ए' श्रेणी (A-Category) की नाकाबंदी करवाई गई है। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के पीछे लगी हुई हैं। आईपी इलाके में दिनदहाड़े डाका डालने की कोशिश सीकर में आज जहां यह वारदात हुई, वह शहर का सबसे पॉश और सुरक्षित इलाका माना जाता है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जिस शोरूम में लूट का प्रयास हुआ, उसके ठीक सामने पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन स्थित है। इसके साथ ही, शोरूम के बिल्कुल पास ही सीकर कलेक्टर और एसपी के सरकारी बंगले हैं। वहीं, शोरूम के दाएं और बाएं तरफ एडीएम सिटी (ADM City), जिला जज और अन्य जजों के बंगले भी हैं। इतने हाई-सिक्योरिटी और वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हर कोई हैरान है।