बड़बड़| राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झालावाड़ की सचिव शशि गजराना के मार्गदर्शन में हुआ। अधिकार मित्र सुजान सिंह लोधा ने ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, जबरन श्रम, मानसिक स्वास्थ्य और प्रारम्भिक गर्भावस्था के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने नालसा की बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं योजना 2024 के बारे में भी बताया। लोधा ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में “कोर्ट वाली दीदी” नाम से शिकायत पेटी लगाई जा रही है। इसमें बच्चे यौन शोषण, भेदभाव, मारपीट, दुर्व्यवहार और साइबर अपराध जैसी शिकायतें गोपनीय रूप से दर्ज कर सकेंगे। प्रधानाचार्य शिव प्रजापति और कोर्ट वाली दीदी प्रभारी मोनिका कुमारी सहित स्टाफ मौजूद रहा।