भास्कर न्यूज | टोंक / नटवाड़ा यहां श्री बद्रीनाथ धाम पर अक्षय तृतीया पर आयोजित दो दिवसीय महोत्सव का उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। इससे पहले रविवार की रात प्रतिभा सम्मान समारोह एवं भजन संध्या हुई। इन कार्यक्रमों में जहां एक ओर ईश्वर भक्ति की मधुर धुनें गूंजती रही, वहीं दूसरी ओर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की गई। दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन श्री बद्रीनाथ प्रबंध एवं विकास समिति(ट्रस्ट) के तत्वावधान में हुआ। इस अवसर पर धाम परिसर दीपों की रोशनी जगमग हो उठा। भास्कर न्यूज | टोडारायसिंह श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, दादाबाड़ी टोडारायसिंह में सोमवार को भक्तामर मंडल विधान का आयोजन श्रद्धा व उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम सुबह 7 बजे से प्रारंभ हुआ, जो श्री 108 बालाचार्य निपूर्णनंदी महाराज ससंघ के सानिध्य एवं विधानाचार्य संजीव कासलीवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बालाचार्य निपूर्णनंदी महाराज ने प्रवचन में अक्षय तृतीया पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए दान-पुण्य के महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया पर किया गया दान अक्षय फल प्रदान करता है। और कई गुना पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए इस पावन पर्व पर अधिक से अधिक दान करना चाहिए। उन्होंने जैन परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवों पर दया करना हमारी संस्कृति का मूल तत्व है। नियमित रूप से गौमाता को रोटी खिलाना, कुत्तों को भोजन देना तथा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना हमारी पुरातन परंपराएं रही हैं, जिन्हें निरंतर बनाए रखना चाहिए। विधान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजा में पदम चंद पंवालिया वाले, पदम चंद कालेड़ा वाले, अशोक कालेड़ा वाले, महेंद्र नासिरदा वाले, भाग चंद भटेडा वाले सहित कई श्रद्धालु स्त्री-पुरुषों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।