बाड़मेर | बाड़मेर के ग्राम पंचायत पीपराली के राजस्व गांव रामदेव नगर में युवाओं ने पशुओं और अन्य जीव-जंतुओं के लिए 15 हजार लीटर क्षमता वाला गौकुंड बनवाया है। सामाजिक कार्यकर्ता सवाई राम प्रजापत के अनुसार क्षेत्र में करीब 800 बीघा गोचर भूमि है, जहां हजारों छोटे-बड़े जीव विचरण करते हैं और गर्मी के मौसम में पानी की कमी से पशुओं को परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि युवाओं ने सामूहिक पहल कर कुंड तैयार कराया, ताकि साफ पानी उपलब्ध हो सके। स्थानीय पशुपालकों का मानना है कि गोचर में पानी की व्यवस्था से पशुधन की देखभाल बेहतर होगी। ग्रामीण युवाओं ने बताया कि ऐसी छोटी लेकिन जरूरी सुविधा गोचर क्षेत्र के संरक्षण में भी मदद करती है। कुंड निर्माण में गणेश पालनपुर व सुमेर प्रजापत का सहयोग रहा।