टोंक| जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 12 वाहन जब्त किए। कई मामलों में चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। एसपी रोशन मीणा के अनुसार घाड़, मेहंदवास, दत्तवास, दूनी और टोडारायसिंह थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की। घाड़ थाना पुलिस ने एनएच-52 से कालानाडा कच्चे रास्ते पर बिना वैध अनुज्ञापत्र बजरी ले जा रहे छह बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। चालक पुलिस को देखकर भाग गए। मेहंदवास थाना पुलिस ने बजरी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े। हसनपुरा निवासी अरसिल खान उर्फ हर्षिल को गिरफ्तार किया गया। दत्तवास थाना पुलिस ने डील नदी क्षेत्र में अवैध खनन करते एक मॉडिफाइड लोडर जब्त किया। दूनी थाना पुलिस ने 2024 से फरार ललित वैष्णव को गिरफ्तार किया। टोडारायसिंह में करीब 5 टन बजरी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया गया। पुलिस ने अभियान जारी रखने की बात कही।