महिलाओं से अभद्रता के मामलों में गिरफ्तार राहुल उर्फ राज की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी शहर में अवैध हथियारों का सप्लायर निकला। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्टल बरामद कर प्रताप नगर थाने में मामला दर्ज किया है, जबकि सांगानेर थाना क्षेत्र में एक देशी कट्टा मिलने पर अलग केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि राहुल शहर के विभिन्न बदमाशों को दर्जनभर से अधिक हथियार सप्लाई कर चुका है। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने उससे हथियार खरीदे। अधिकांश संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। अब प्रताप नगर, सांगानेर, मानसरोवर समेत अन्य थानों की पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी। बजाज नगर थाने में भी उसके खिलाफ महिलाओं से छेड़छाड़ का एक और मामला दर्ज है। कार-वारदात के दौरान पहने कपड़े बरामद किए इस मामले के खुलासे में डीएसटी ईस्ट और थाना स्पेशल टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपी को पहले मध्य प्रदेश लेकर गई थी, जहां उसकी निशानदेही पर कार और वारदात के दौरान पहने कपड़े बरामद किए गए। गौरतलब है कि 25 मार्च को जवाहर सर्किल थाना इलाके में गर्भवती महिला से अभद्रता की घटना सामने आई थी। पीड़िता ने 26 मार्च को शिकायत दी, लेकिन केस दर्ज नहीं होने पर विवाद बढ़ा। बाद में लापरवाही पर एक एएसआई और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया, जबकि एसएचओ को चार्जशीट दी गई। अब पुलिस आरोपी के हथियार नेटवर्क और आपराधिक कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।