बारां-अकलेरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ावदा घाटी में रविवार अलसुबह चलते ट्रेलर में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ट्रेलर का अगला हिस्सा जलकर खाक हो गया। आग की लपटें उठती देख चालक ने ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। छीपाबड़ौद थाना प्रभारी गंभीर सिंह के अनुसार, घटना रविवार अलसुबह करीब साढ़े 4 बजे की है। खाली ट्रेलर बारां से होते हुए अजमेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेलर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।