भास्कर न्यूज|ब्यावर नसिया रोड स्थित जागीरदार के नोहरे में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां कार्य के दौरान अचानक एक दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबने से एक 33 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, कुशलपुरा निवासी हाकम (33) पुत्र लाल काठात मजदूरी के लिए जागीरदार के नोहरे में आया हुआ था। बुधवार को जब वह नोहरे में काम कर रहा था, तभी अचानक एक पुरानी दीवार का हिस्सा श्रमिक के ऊपर गिर गया। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और मलबे को हटाकर घायल हाकम को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों और अन्य श्रमिकों की मदद से घायल हाकम को अमृतकौर चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव एकेएच की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दीवार गिरने की जांच की जा रही है। जिस नोहरे की दीवार की मरम्मत की जा रही थी। वह पहले से जर्जर थी। फिर भी उस पर काम कराया जा रहा था। मौके पर मलबे के बड़े टुकड़े गिरे हुए हैं। दीवार की जर्जर हिस्सा करीब 10 ऊंचाई से गिरा। इससे मजदूर को संभलने का मौका भी नहीं मिला और हादसा हो गया। मरम्मत के दौरान कोई सुरक्षा इंतजाम भी नहीं थे। नोहरे की दीवार लंबे समय से जर्जर थी। इसकी मरम्मत के दौरान तीन मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से दो मजदूर चाय पीने गए थे। जबकि तीसरा मजदूर हाकम वहीं काम कर रहा था। तभी दीवार गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग आए। मलबे में दबे श्रमिक को निकाला। गनीमत रही कि दोनों मजदूर वहां नहीं थे, वरना वे भी मलबे की चपेट में आ जाते। नसिया रोड स्थित जागीरदार के नोहरे में गिरी दीवार।