भास्कर न्यूज | चूरू/छापर छापर थाना पुलिस ने रविवार शाम बाजार में जाली नोट खपाने की फिराक में घूमते एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 500-500 रुपए के आठ जाली नोट (कुल 4000 रुपए) बरामद किए। आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। छापर एसएचओ इंद्रलाल की रिपोर्ट पर नोडल थाना चूरू कोतवाली में मामला दर्ज हुआ है। शहर कोतवाल सुखराम चोटिया के अनुसार छापर थाना एसएचओ इंद्रलाल के नेतृत्व में पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चौपड़ा बाजार से रामदेव मंदिर जाने वाली गली में एक युवक जाली नोट लेकर खड़ा है और उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी में है। पुलिस ने बूचा भवन के पास घेराबंदी कर धनेश उर्फ दिनेश जाट (22) निवासी जोगलिया को पकड़ कर तलाशी ली तो उसके पास 500-500 के आठ नकली नोट मिले। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जाली नोट जब्त कर लिए। तलाशी में आरोपी की पेंट की जेब से 500-500 के आठ नोट मिले। ये काफी मोटे थे। उनमें सुरक्षा धागा (सिक्योरिटी थ्रेड) भी गायब था। आरोपी ने बताया कि ये नोट अपने मामा रामरतन निवासी आड़सर बास-श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर) से लेकर आया था। सीरियल नंबर : अगर एक ही नंबर के कई नोट आपके पास आएं तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सुरक्षा धागा : असली नोट को तिरछा करने पर धागा हरा से नीला हो जाता है। जाली नोट में ये सिर्फ पेंट किया हुआ दिखता है। कागज : असली नोट का कागज कुरकुरा और पतला होता है, जबकि जाली नोट का कागज हाथ लगाने पर मोटा या साधारण फोटो कॉपी जैसा महसूस होता है।