जयपुर में ई-कॉमर्स फ्रॉड का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी फ्लिपकार्ट पर अलग-अलग फर्जी अकाउंट बनाकर इलेक्ट्रॉनिक के महंगे प्रोडक्ट (सामान) मंगवाते और फिर नकली सामान पैक कर रिटर्न (लौटा) कर देते थे। इससे जयपुर के व्यापारी को 4 महीनों में 1.79 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। व्यापारी के वेयरहाउस की ऑडिट रिपोर्ट से फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। व्यापारी की रिपोर्ट पर सेज थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है और फर्जी अकाउंट्स की लोकेशन, आईपी डिटेल्स, डिलीवरी एड्रेस और पैकेजिंग चेन की जांच में जुटी है। ओरिजिनल प्रोडक्ट मंगवाकर नकली रिटर्न किए
पीड़ित व्यापारी चंद्र प्रकाश सिंह (53) निवासी तीजा नगर, पांच्यावाला सिरसी रोड (जयपुर) ने रिपोर्ट में बताया- उनका अजयराजपुरा-कलवाड़ा (सेज) में ऑथराइज्ड इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान का वेयरहाउस है, जहां से फ्लिपकार्ट के जरिए मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट बेचे जाते हैं। अज्ञात आरोपियों ने नवंबर 2025 से फरवरी 2026 तक फ्लिपकार्ट पर 52 अलग-अलग फर्जी अकाउंट्स का इस्तेमाल कर महंगे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स मंगवाए और नकली सामान पैक कर रिटर्न कर दिया। इन आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत एपल, सैमसंग और लेनोवो के हाई-प्रिमियम प्रोडक्ट्स ऑर्डर किए। शातिर आरोपी ऑर्डर की डिलीवरी के बाद पैकिंग बॉक्स से ओरिजिनल सामान निकालकर नकली सामान पैक कर देते और सामान रिटर्न कर देते थे। इसके कारण 4 महीनों में करीब 1.79 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। ऑडिट रिपोर्ट से हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
व्यापारी ने बताया- वेयरहाउस से फ्लिपकार्ट के माध्यम से जो प्रोडक्ट बेचे जाते हैं, उनकी लिस्टिंग की जाती है। वेयर हाउस की ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया कि नवंबर 2025 से फरवरी 2026 तक बड़ी नकली सामान रिटर्न हुआ है। अपने आर्थिक सलाहकार की राय के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फर्जी अकाउंट्स बनाकर किए ऑर्डर
थाना प्रभारी उदय सिंह शेखावत ने बताया- पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ फर्जी अकाउंट्स से महंगे आइटम मंगवाए गए और नकली सामान पैक कर रिटर्न कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और तकनीकी टीम की मदद से फर्जी अकाउंट्स की लोकेशन, आईपी डिटेल्स, डिलीवरी एड्रेस और पैकेजिंग चेन की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया- यह फ्रॉड देश के किसी भी कोने से ऑपरेट किया जा सकता है। पुलिस इसे बड़े साइबर ई-कॉमर्स फ्रॉड गिरोह से जोड़कर देख रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। --- ये खबर भी पढ़ें 400 डायरेक्टर के फर्जी डिजिटल सिग्नेचर बनाकर 400 करोड़ हड़पे:सरकारी छूट को फर्जी खातों में ट्रांसफर किया; जयपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा
देशभर की 400 कंपनियों के डायरेक्टर्स की प्रोफाइल को विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) पोर्टल पर बदलकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई। जयपुर पुलिस ने बड़े साइबर घोटाले का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में 1 साइन से 93 लाख रुपए का फ्रॉड सामने आया है। इन आरोपियों ने 400 से अधिक फर्जी डिजिटल सिग्नेचर बनाए। (पूरी खबर पढ़ें)