भास्कर न्यूज | ढहरिया ​तालचिड़ा बिजली ग्रिड के तहत आने वाली 11 केवी लाइन के टूटे तार को जोड़ते समय रविवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। शटडाउन के बावजूद लाइन में अचानक करंट दौड़ने से फीडर इंचार्ज और एफआरटी (FRT) टीम का एक संविदाकर्मी झुलस गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। ​​जानकारी के अनुसार, बाड़ा राजपुर के पास 11 कवी फीडर का तार टूट गया था। लाइनमैन की सूचना पर फीडर इंचार्ज जवान सिंह गुर्जर और एफआरटी संविदाकर्मी महेंद्र मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। ​सूत्रों के मुताबिक, फीडर इंचार्ज ने उस लाइन का शटडाउन तो ले लिया था जिसका तार टूटा था, लेकिन उसी लाइन के ऊपर से बाड़ा राजपुर ग्रिड की एक अन्य क्रॉस लाइन गुजर रही थी। रात का अंधेरा होने के कारण टीम को क्रॉस लाइन का अंदाजा नहीं रहा और उसका शटडाउन नहीं लिया गया। जैसे ही कर्मचारियों ने जमीन पर पड़ा तार हाथ में लिया, इंडक्शन या क्रॉस लाइन के संपर्क की वजह से उसमें करंट आ गया। ​करंट लगने से फीडर इंचार्ज जवान सिंह गुर्जर झुलस गए। वहीं, महेंद्र मीणा करंट के झटके के कारण दूर जा गिरे, जिससे उन्हें तुलनात्मक रूप से कम चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में दोनों को दौसा जिले के गीजगढ़ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया। ^तालचिड़ा ग्रिड की 11केवी लाइन ठीक करने के दौरान यह हादसा हुआ। शटडाउन लिया गया था, लेकिन तार हाथ में लेते ही करंट दौड़ गया। मामले की जानकारी ली जा रही है। घायलों का जयपुर में उपचार जारी है। -विनोद मीणा, कनिष्ठ अभियंता, गुढ़ाचन्द्रजी बिजली निगम