टोंक| शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत सोमवार को नगर परिषद की टीम ने 20 दुकानों का औचक निरीक्षण किया और वहां कचरा पात्र नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ सौ रुपए प्रति दुकानदार के हिसाब से 2000 रुपए का जुर्माना किया। इस मौके पर टीम ने कचरा पात्र का वितरण भी किया। नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट ने बताया कि सहायक अभियंता फतेह सिंह के नेतृत्व में टीम ने सिंगल यूज प्लास्टिक, प्लास्टिक डिस्पोजल, थैलियों के उपयोग नहीं करने की जानकारी दी। लोगों से चर्चा कर समझाइश भी की। नगर परिषद की टीम ने घंटाघर और आसपास के इलाके में यह कार्रवाई की।