भास्कर न्यूज | टोंक राजस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राजकीय कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बार प्रवेश व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाते हुए जनाधार और आधार से लिंक किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य के विद्यार्थियों के लिए जनाधार कार्ड तथा अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड अनिवार्य रहेगा, ताकि फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। स्नातक स्तर पर 12वीं कक्षा के अंकों तथा स्नातकोत्तर स्तर पर स्नातक के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिसके अनुसार दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। प्राचार्य प्रो. लोकेश कुमार शर्मा ने बताया कि 1 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 से 15 मई 2026 तक चलेगी। कॉलेज स्तर पर आवेदन सत्यापन की अंतिम तिथि 19 मई निर्धारित की गई है। इसके बाद 20 मई को अंतिम वरीयता सूची जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 25 मई तक दस्तावेज सत्यापन कर ई-मित्र के माध्यम से फीस जमा करानी होगी। 27 मई को प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची जारी की जाएगी।