भास्कर न्यूज। धौलपुर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार ऑनलाइन आवेदन 1 मई से शुरू हो चुके हैं और इसकी अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। राजकीय महाविद्यालय धौलपुर के प्राचार्य डॉ. गिर्राज सिंह मीणा ने बताया कि आवेदन के समय मूल टीसी या सीसी की आवश्यकता नहीं होगी। विद्यार्थी इंटरनेट से डाउनलोड मार्कशीट के आधार पर भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, प्रवेश के बाद दस्तावेज सत्यापन के दौरान मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा। महाविद्यालय में कला संकाय के तहत हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और सैन्य विज्ञान विषय उपलब्ध हैं। वहीं विज्ञान संकाय में जीव विज्ञान और गणित, तथा वाणिज्य संकाय में एबीएसटी, ईएएफएम और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन जैसे विषयों में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा बीबीए और कंप्यूटर विषय भी वैकल्पिक रूप में उपलब्ध हैं। 20 मई को जारी होगी मेरिट लिस्ट... प्राचार्य ने बताया कि प्रवेशित विद्यार्थियों की पहली मेरिट सूची और प्रतीक्षा सूची 20 मई को जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 11 जून तक दस्तावेज सत्यापन और ई-मित्र के माध्यम से शुल्क जमा कराना होगा। विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया, बोनस अंक और अन्य जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं या सुबह 10 से शाम 5 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 9462803020 पर संपर्क कर सकते हैं।