धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में 9 अप्रैल को हुए सड़क हादसे में घायल महिला शिक्षक की आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान 52 वर्षीय योगेश्वरी के रूप में हुई है। हादसे के दिन योगेश्वरी अपने पति अतुल शर्मा के साथ थीं। अतुल शर्मा कोर्ट में बाबू के पद पर कार्यरत हैं। वे योगेश्वरी को सरानी स्कूल छोड़ने जा रहे थे, तभी अस्पताल चौराहे पर सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। पति-पत्नी दोनों हो गए थे घायल इस दुर्घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला शिक्षक योगेश्वरी ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति अतुल शर्मा का इलाज अभी भी जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पचगांव चौकी पर तैनात एएसआई अरुण शर्मा ने मामले की जानकारी दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।